बिहार के कैमूर में DJ संचालक राजा गुप्ता की पीटकर हत्या, 5 गिरफ्तार: सोशल मीडिया पर दावा- दलित दंबगों ने दिया वारदात को अंजाम

बिहार के कैमूर जिले में 19 साल के डीजे संचालक राजा कुमार गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक को माइक देने के बहाने बुलाया गया और पहले से घात लगाए हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोशल मीडिया पर हत्यारों को दलित बताया जा रहा है, हालाँकि पुलिस इसे सामान्य आपराधिक घटना मानकर जाँच कर रही है।

कैसे हुई वारदात ?

घटना कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के पुसौली रेलवे स्टेशन के पास की है। मृतक राजा कुमार गुप्ता अपने इलाके में डीजे का काम करता था। मंगलवार (17 मार्च 2026) सुबह करीब 11 बजे उसे माइक देने के बहाने घटाव गाँव के पास बुलाया गया। जैसे ही वह वहाँ पहुँचा, पहले से मौजूद हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।

परिजनों और दोस्तों के अनुसार, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और करीब 15 लोग इस वारदात में शामिल थे। गंभीर रूप से घायल राजा को पहले कुदरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर हालत बिगड़ने पर सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया गया, जहाँ देर रात उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप और पुलिस की कार्रवाई

मृतक के परिजनों का कहना है कि घटना से पहले किसी तरह का विवाद नहीं था। पिता के अनुसार, जब वे बेटे को बचाने पहुँचे तो आरोपितों ने गालियाँ दीं और उन्हें वहाँ से भगा दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-19 जाम कर  आरोपितों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की माँग की।

मौके पर पहुँची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया। मोहनिया DSP प्रदीप कुमार के मुताबिक, इस मामले में मुख्य आरोपित अभिषेक कुमार समेत 4-5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपितों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सोशल मीडिया पर इस घटना को जातीय रंग देने की कोशिश की जा रही है और दावा किया जा रहा है कि आरोपित दलित समाज से हैं। हालाँकि पुलिस ने अभी तक इस तरह की किसी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले को सामान्य आपराधिक घटना मानकर जाँच आगे बढ़ा रही है।