पंजाब के सनौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को आखिरकार पुलिस ने लंबी तलाश के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें मध्य प्रदेश के ग्वालियर के पास से पकड़ा गया। इस कार्रवाई की पुष्टि पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने की है।
पठानमाजरा के खिलाफ पटियाला के सिविल लाइन थाना में एक महिला की शिकायत पर रेप के गंभीर आरोपों में केस दर्ज हुआ था। मामला सामने आने के बाद से ही वे फरार चल रहे थे और 7 महीने पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी।
गिरफ्तारी से बचने के लिए विधायक ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए, ताकि लोगों को ये लगे कि वो विदेश जा चुके हैं। हालाँकि, पुलिस की तकनीकी जाँच और खुफिया इनपुट के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस कर ली गई।
विशेष पुलिस टीम ने ग्वालियर क्षेत्र में घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया। अब उन्हें पटियाला लाया जा रहा है, जहाँ अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उनके ऊपर रेप के अलावा धोखाधड़ी और धमकी देने के भी इल्जाम है।

