महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के श्रीरामपुर शहर में रामनवमी के अवसर पर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान इस्लामी भीड़ की ओर से पथराव किया गया। मस्जिद के पास से गुजरने के दौरान हुई घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। पुलिस ने मस्जिद के मौलाना सहित 10 से 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
जुलूस के दौरान अचानक हुआ पथराव
घटना गुरुवार (26 मार्च 2026) की शाम करीब चार बजे की है, जब रामनवमी का जुलूस पूरे उत्साह के साथ श्रीरामपुर के सय्यद बाबा चौक से गुजर रहा था। जुलूस में शामिल लोग भजन-कीर्तन करते आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान जब जुलूस एक स्थानीय मस्जिद के सामने पहुँचा, तभी अचानक मस्जिद के पीछे की ओर से अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
And, it begins…
— Treeni (@treeni) March 26, 2026
We are getting reports that stones were pelted at Ram Bhakts as the Ram Navami procession was crossing a mosque in Shrirampur, Ahilyanagar, Maharashtra.
Some activists have also been injured. More in the replies. pic.twitter.com/frkcMvgmTI
इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मस्जिद के पीछे से पत्थर आते साफ देखा जा सकता है। अचानक हुए इस पथराव से जुलूस में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान तीन लोग पत्थरों की चपेट में आकर घायल हो गए। स्थिति कुछ देर के लिए काफी तनावपूर्ण हो गई और लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।
पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और तत्काल स्थिति को संभालते हुए भीड़ को वहाँ से हटाया। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में मस्जिद के मौलाना समेत 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ श्रीरामपुर थाने में मामला दर्ज किया है और जाँच शुरू कर दी है।
आरोपितों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि श्रीरामपुर में रामनवमी का पर्व हर साल बड़े स्तर पर मनाया जाता है, जिसमें विशाल जुलूस और मेले का आयोजन होता है और हजारों लोग इसमें भाग लेते हैं।
इस बार भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे, लेकिन इस घटना ने उत्सव के माहौल को प्रभावित कर दिया। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

