UCC लागू करेंगे, नहीं बचेंगे ‘लव जिहादी’ और बांग्लादेशी घुसपैठिए होंगे बाहर: असम चुनाव के लिए BJP ने जारी किया घोषणा पत्र, युवाओं-महिलाओं के लिए भी बड़े ऐलान

असम विधानसभा चुनावों के लिए BJP ने मंगलवार (31 मार्च 2026) को अपना ‘संकल्प पत्र’ (घोषणा पत्र) जारी किया है। गुवाहटी में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की मौजूदगी में जारी इस मेनिफेस्टो में कुल 31 बड़े वादे किए गए हैं।

BJP ने साफ कर दिया है कि सत्ता में आने पर राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उनसे कब्जाई गई जमीन वापस ली जाएगी।

लव जिहाद पर कड़ा कानून और नौकरियों की बौछार

CM हिमंता बिस्वा सरमा ने घोषणा की है कि राज्य में ‘लव जिहाद‘ और ‘लैंड जिहाद’ के खिलाफ बेहद मजबूत कानून बनाए जाएँगे। युवाओं के लिए भी BJP ने पिटारा खोल दिया है। संकल्प पत्र में वादा किया गया है कि अगले 5 साल में 2 लाख सरकारी नौकरियाँ और कुल 10 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएँगे। साथ ही, शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में एक यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का लक्ष्य रखा गया है।

महिलाओं के लिए ‘लखपति दीदी’ और बढ़ी हुई नकद राशि

महिला वोटरों के लिए BJP ने अरुनोदोई योजना के तहत मिलने वाली मासिक राशि को ₹1250 से सीधे बढ़ाकर ₹3,000 करने का वादा किया है। इसके अलावा, ‘लखपति दीदी’ योजना के जरिए 40 लाख महिलाओं को ₹25,000 तक की आर्थिक सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का खाका खींचा गया है। गरीब परिवारों को जरूरी राशन मुफ्त देने की बात भी कही गई है।

बाढ़ मुक्ति और इंफ्रास्ट्रक्चर पर ₹5 लाख करोड़ का प्लान

असम की सबसे बड़ी समस्या ‘बाढ़’ से निपटने के लिए BJP ने मास्टर प्लान तैयार किया है। पहले दो वर्षों में राज्य को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए 18 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएँगे। इसके अलावा सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी सुधारने के लिए कुल 5 लाख करोड़ रुपए के निवेश का वादा किया गया है।

चाय बागान मजदूरों के लिए बड़ी सौगात

असम की पहचान माने जाने वाले चाय बागान श्रमिकों के लिए भी बड़े ऐलान हुए हैं। BJP ने वादा किया है कि अगले 5 साल में इनकी दिहाड़ी बढ़ाकर ₹500 प्रतिदिन कर दी जाएगी। साथ ही, सभी बागान मजदूरों को जमीन का पट्टा (मालिकाना हक) दिया जाएगा और केंद्र सरकार की योजनाओं के जरिए उन्हें पक्के मकान भी मुहैया कराए जाएंगे।