कपड़े फाड़े, छाती दबाई और सरेआम की गैंगरेप की कोशिश: बिहार के नालंदा में महिला संग बदसलूकी का Video वायरल, अशोक यादव और मतलू महतो गिरफ्तार

बिहार के नालंदा में एक शादीशुदा महिला को सरेआम बेइज्जत किया गया। 26 मार्च की शाम हुई इस दरिंदगी का Video सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन में आई है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित अशोक यादव और मतलू महतो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपित रविकांत अभी भी फरार है।

नालंदा में दरिंदगी: बीच रास्ते में महिला को घेरा और कपड़े फाड़े

घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के अजयपुर गाँव की है। पीड़ित महिला शाम के समय किराने की दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रही थी। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपितों ने महिला के साथ बदतमीजी शुरू कर दी। जब महिला ने हिम्मत दिखाकर शोर मचाया और विरोध किया, तो हैवानियत पर उतारू युवकों ने उसके कपड़े फाड़े, छाती दबाई, अर्धनग्न कर गैंगरेप की कोशिश की।

आरोपितों की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। जब गाँव के लोग शोर सुनकर जुटने लगे, तो आरोपित वहाँ से भाग निकले। लेकिन भागने से पहले उन्होंने इस पूरी शर्मनाक घटना का Video बना लिया। बाद में आरोपितों ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपित महिला को भद्दी-भद्दी गालियाँ दे रहे हैं और उसे बुरी तरह प्रताड़ित कर रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई: अशोक यादव और मतलू महतो गिरफ्तार

Video वायरल होने और पीड़िता की शिकायत के बाद नालंदा पुलिस ने तुरंत कड़ा रुख अपनाया। सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने गाँव में छापेमारी की। पुलिस ने इस मामले के दो मुख्य नामजद अभियुक्तों, अशोक यादव (पिता- पचु यादव) और मतलू महतो उर्फ नवनीत कुमार नरोत्तम (पिता- स्व. हरिहर महतो) को दबोच लिया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक तीसरा आरोपित रविकांत कुमार भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। नालंदा पुलिस ने सोशल मीडिया (X) के जरिए जानकारी दी है कि महिला की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।