दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र से आतंकी संगठन IS (इस्लामिक स्टेट) से जुड़े मोसाब अहमद और मोहम्मद हमाद कालरा को गिरफ्तार किया है। इन दोनों संदिग्धों को महाराष्ट्र के कल्याण और कुर्ला से गिरफ्तार किया गया है और ये दिल्ली और मुंबई को खिलौना बम से दहलाने की साजिश रच रहे थे। दोनों संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक हैंडलर के संपर्क में थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रविवार (5 अप्रैल 2026) को मुंबई ATS के साथ मिलकर दोनों आतंकियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से आपत्तिजनक दस्तावेज और मोबाइल फोन समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। ये दोनों मिशन खिलाफत और सोल्जर ऑफ प्रॉफेट समूहों से जुड़े थे और पाकिस्तान में जैश कमांडर के संपर्क में थे।
बताया जा रहा है कि इन दोनों ने इंटरनेट के जरिये खिलौना बम बनाना सीखा और दिल्ली-मुंबई में धमाकों को अंजाम देने की फिराक में थे। दरअसल, कुछ दिनों पहले मुंबई ATS ने IS के कुछ आतंकियों को गिरफ्तार किया था और उनसे पूछताछ में इन आतंकियों के विषय में जानकारी मिली थी।

