राजस्थान के जयपुर में आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहम्मद जहीरुद्दीन की दुकान ‘शिकार गन हाउस’ से चीते की खाल और हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल को मारी गई रेड के दौरान ये सामान उन्हें जहीरुद्दीन के यहाँ कबाड़ में रखा मिला।
पुलिस को जहीरुद्दीन की गतिविधियों पर उस समय शक हुआ, जब वह बार-बार छापे के वक्त कबाड़ की ओर देख रहा था। संदेह के आधार पर तलाशी लेने पर एक बड़े काले बैग से .22 बोर की राइफल और 282 विभिन्न बोर के कारतूस बरामद हुए। ये कारतूस शिकार, निशानेबाजी और पहले के समय में पुलिस तथा सेना द्वारा उपयोग किए जाते रहे हैं।
इसके अलावा, एक पॉलिथीन में टाइगर की खाल भी मिली, जिसमें गोली के निशान होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग की टीम ने प्राथमिक तौर पर इसकी पुष्टि की है और आगे की जाँच के लिए सैंपल भेजे गए हैं।
जाँच में यह भी सामने आया है कि जहीरुद्दीन ने 1.20 लाख रुपए लेकर एक पुरानी बंदूक का नंबर बदलकर अवैध रूप से हथियार सप्लाई किया था। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा उसके पूरे नेटवर्क और रिकॉर्ड की जाँच जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले 1 अप्रैल को जोधपुर में पुलिस ने एक क्रेटा कार को पकड़ा था। कार में जैसलमेर निवासी और पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद का गनमैन अमीन खान तथा नाचना का एलडीसी वांगे खान सवार थे। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध बंदूकें, 30 कारतूस और 12 हजार रुपए नकद बरामद किए गए थे।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि उन्होंने ये हथियार जहीरुद्दीन से खरीदे थे। इसी सूचना के आधार पर जयपुर स्थित उसकी दुकान ‘शिकार गन हाउस’ पर छापा मारा गया, जहाँ से यह बड़ी बरामदगी हुई।

