महाराष्ट्र के नागपुर शहर में मंगलवार (7 अप्रैल 2026) को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय से लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर की दूरी पर विस्फोटक सामग्री मिली। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। मौके से 15 जिलेटिन की छड़ें, 50 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद किए गए हैं।
मामले की गंभीरता देखते हुए बम निरोधक दस्ता (BDDS), फॉरेंसिक (FSL) और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) की टीमें जाँच में जुट गई हैं। पुलिस आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि पता चल सके कि यह खतरनाक सामग्री यहाँ कैसे पहुँची। फिलहाल किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है, लेकिन संदिग्धों की तलाश जारी है।
इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने से दुकानदारों और निवासियों में डर का माहौल है। डीसीपी ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस इस बात की भी जाँच कर रही है कि यह सामग्री किसी निर्माण कार्य से जुड़ी है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है।

