पैसों का लालच देकर दलित हिंदुओं को बनाते मुस्लिम, मौलवी हुसैन-हदीसउल्लाह-फारूक के खिलाफ FIR: UP के सिद्धार्थनगर का मामला

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में पैसों का लालच और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का लालच देकर धर्मांतरण करवाने का मामला सामने आया है। पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी ने आरोप लगाया है कि गाँव में संगठित तरीके से गरीब हिंदू परिवारों को निशाना बनाकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि यह गाँव मुस्लिम बहुल है और यहाँ आर्थिक रूप से कमजोर दलित हिंदू परिवार रहते हैं। इसका फायदा उठाकर गाँव में एक गैंग ने इन हिंदू परिवारों को निशाना बनाया। सामने आया कि इस्लाम कबूल कर चुके रामप्रसाद उर्फ डकालू तीन भाई हैं। पूर्व मंत्री के साथ प्रेस वार्ता में उसके दो भाई मौजूद थे, जिन्होंने कहा कि रामप्रसाद ने अपनी दो बेटियों के साथ इस्लाम कबूल कर लिया है और इस रमजान में वह टोपी पहनने लगा, रोजा रखने लगा और मजहबी तौर-तरीके मानने लगा।

इस मामले में मौलवी गुलाम हुसैन, पूर्व प्रधान हदीसउल्लाह और फारूक पर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। पूर्व मंत्री ने निष्पक्ष जाँच की माँग करते हुए कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा बन सकता है।