MP के खंडवा में फर्जी निहंग गिरफ्तार, 29 तलवारों के साथ दबोचा गया: मोटी रकम कमाने के लिए बदला था वेश, 29 हथियार बरामद

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में मंगलवार (7 अप्रैल 2026) को पुलिस ने निहंग सिख के वेश में घूम रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास कई तलवारें मिलीं। आरोपित की पहचान लक्ष्मण दास के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, 1959 की धारा 125(1-B)(b) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ऑपइंडिया को प्राप्त FIR के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना खंडवा के थाना प्रभारी प्रवीण आर्य को सूचना मिली थी कि खंडवा के बामनगाँव रोड पर ‘पंच पुलिया’ (पाँच पुलिया) के पास रेलवे आउटर सिग्नल के नजदीक निहंग के वेश में तलवारों से भरी बोरी लेकर घूम रहा था। आरोपित लोगों को तलवारें बेचने की कोशिश कर रहा था।

सूचना मिलने ही थाना प्रभारी प्रवीण आर्य, उप-निरीक्षक रामप्रकाश यादव, उप-निरीक्षक मनोज डेव, कांस्टेबल अरविंद, कांस्टेबल राहुल परमार, कांस्टेबल अलेश, कांस्टेबल हेमंत, कांस्टेबल पंकजा, दो गवाहों के साथ वहाँ के लिए रवाना हुए, जहाँ वह घूम रहा था। उस जगह पहुँचने पर पुलिस ने आरोपित को एक पेड़ के नीचे, कंधे पर सफेद बोरी लिए खड़ा देखा।

आरोपित ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपित को चारों ओर से घेरकर हिरासत में ले लिया। करीब 30 वर्षीय आरोपित हरियाणा के कैथल जिले के उंड्री थाना क्षेत्र के फतेहपुर उंडरी का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी बोरी से करीब 30,000 रुपए की 29 तलवारें बरामद की हैं।

वह तलवारों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया, जिसके बाद पुलिस ने तलवारों को मालखाने में जमा कर दिया। आगे की जाँच जारी है।