फतेहपुर में अमन सैय्यद ने युवती को चौराहे पर रोका, बाइक पर बिठाकर की अपहरण की कोशिश: UP पुलिस ने दबोचा

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में अमन सैय्यद नाम के युवक को एक युवती के साथ सरेआम छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह मामला कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर इलाके का है। यहाँ बीच चौराहे पर आरोपित ने एक छात्रा का रास्ता रोक लिया और उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठाने की कोशिश करने लगा।

युवती लगातार आरोपित से छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन अमन सैय्यद उसका बैग खींचते हुए उसे घसीटकर बाइक तक ले जाने की जिद करता रहा। इस दौरान उसने अश्लील इशारे भी किए। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपित ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने जब बीच-बचाव की कोशिश की और वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोपित ने उन्हें भी धमकाया। उसने खुद को युवती का बॉयफ्रेंड बताते हुए पूरे मामले को पर्सनल बताकर वीडियो बनाने से मना किया। हालाँकि जब लोगों ने पुलिस बुलाने की बात कही तो आरोपित वहाँ से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपित की पहचान उत्तरी खेलदार निवासी अमन सैय्यद, पुत्र हनीफ के रूप में की है और उसे गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के तहत आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।