भारत के बांग्लादेश उच्चायुक्त प्रणय वर्मा बनें EU के राजदूत, बांग्लादेशी मीडिया आरिफ मोहम्मद खान के नाम की कर रही चर्चा

भारत के विदेश मंत्रालय ने वरिष्ठ राजनयिक प्रणय कुमार वर्मा को बेल्जियम और यूरोपीय संघ में भारत का अगला राजदूत नियुक्त करने की घोषणा की है। वर्तमान में वे बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त हैं और जल्द ही नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इस फैसले के बाद ढाका में उनके उत्तराधिकारी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

ढाका में नए उच्चायुक्त को लेकर चर्चा तेज

बांग्लादेशी मीडिया में इन दिनों यह चर्चा जोरों पर है कि आरिफ मोहम्मद खान को भारत का अगला उच्चायुक्त बनाया जा सकता है। यह अटकलें शनिवार (4 अप्रैल 2026) को एक भारतीय मीडिया रिपोर्ट के बाद शुरू हुईं, जिसे बाद में कई बांग्लादेशी मीडिया संस्थानों ने भी प्रमुखता से प्रकाशित किया।

रिपोर्ट में कहा गया कि सत्ता के गलियारों में यह चर्चा है कि आरिफ मोहम्मद खान, प्रणय वर्मा की जगह ले सकते हैं।Bdnews24 और द डेली स्टार जैसे मीडिया संस्थानों ने भी इस खबर को प्रमुखता से छापा।

आरिफ मोहम्मद खान एक अनुभवी राजनेता हैं, जो राजीव गाँधी सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं और केरल व बिहार के राज्यपाल भी रह चुके हैं।

हालाँकि अगर उनकी नियुक्ति होती है तो यह एक असामान्य फैसला माना जाएगा, क्योंकि हाल के वर्षों में यह पद आमतौर पर करियर डिप्लोमैट्स को दिया जाता रहा है। फिलहाल भारत सरकार ने इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि बांग्लादेश में अगला उच्चायुक्त कौन होगा।