नासिक TCS कांड में दानिश समेत सभी आरोपितों पर लगा SC/ST एक्ट, CM फडणवीस ने दिए जाँच के आदेश: बोले- जरूरत पड़ने पर केंद्रीय एजेंसियों की ली जाएगी मदद

महाराष्ट्र के नासिक में स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) से जुड़े यौन उत्पीड़न और विवादित मामले में पुलिस ने अपना शिकंजा और कस दिया है। पुलिस ने दर्ज FIR में अब अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (SC/ST Act) की धाराएँ भी जोड़ दी हैं।

इस मामले में मुख्य आरोपित दानिश शेख समेत लगभग सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपित निदा खान अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि इसकी गहराई से जाँच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर केंद्रीय एजेंसियों की मदद भी ली जाएगी।

CM फडणवीस ने बताया कि TCS कंपनी भी इस जाँच में पूरा सहयोग कर रही है। जाँच के दौरान अब तक कुल 9 FIR दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें से 8 शिकायतों में यौन उत्पीड़न और 5 में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के गंभीर आरोप हैं।

पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्होंने पहले कंपनी के अंदर शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई न होने पर उन्हें पुलिस के पास जाना पड़ा। अब SC/ST एक्ट जुड़ने से आरोपितों की मुश्किलें और बढ़ना तय है।