बंगाल में ‘बुलडोजर बाबा’ के नारों के बीच CM योगी का ममता पर हमला: बोले- सिंहासन खाली करो, BJP आ रही है

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में शनिवार (18 अप्रैल 2026) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। जैसे ही योगी मंच पर पहुँचे, सभा स्थल ‘बुलडोजर बाबा जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। इस दौरान उन्होंने राज्य की सत्ताधारी TMC और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।

योगी ने कहा कि वह ममता बनर्जी से कहने आए हैं, “सिंहासन खाली करो, भाजपा आने वाली है।” उन्होंने आरोप लगाया कि TMC सरकार घुसपैठियों को संरक्षण देती है, जबकि आम लोग भय में जी रहे हैं। योगी ने दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने पर बंगाल में ‘लव जिहाद’ और ‘लैंड जिहाद’ पर रोक लगेगी।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने कॉन्ग्रेस, सपा और वाम दलों को घेरा। उन्होंने कहा कि संसद में 33% आरक्षण के प्रस्ताव को रोकना आधी आबादी का अपमान है।

अपने भाषण में योगी ने बंगाल की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी, सुभाष चंद्र बोस और रविंद्रनाथ ठाकुर को याद किया। साथ ही यूपी की कानून-व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अब नो कर्फ्यू, नो दंगा की स्थिति है।

योगी ने दावा किया कि बंगाल में उद्योग बंद हो रहे हैं, बेरोजगारी बढ़ रही है और लोग पलायन को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए भाजपा को मौका देना जरूरी है।