उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) कैंपस के पास एक हिंदू डॉक्टर के साथ बदसलूकी और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में गाजीपुर निवासी शहबाज इजहारुल हक और बरेली निवासी नजीब हसीब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोप है कि दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमरोहा के डॉक्टर कुलवंत सिंह को घेर लिया और धमकी देते हुए कहा, “यहाँ सिर्फ मुस्लिमों की चलती है। AMU छोटा पाकिस्तान है, यहाँ तुझे काटकर हलाल कर देंगे और दफना देंगे, तेरे घर वालों को भी पता नहीं चलेगा।” यह घटना 14 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है।
महिला मित्र से मिलने पहुँचे थे डॉक्टर, लौटते समय दर्जनों की भीड़ ने घेरा
डॉ कुलवंत सिंह जो अमरोहा के गजरौला क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे 14 अप्रैल 2026 को अपनी एक मित्र छात्रा से मिलने AMU कैंपस आए थे। मुलाकात के बाद जब वह ई-रिक्शा से वापस लौट रहे थे, तभी कुछ युवक उनके पास पहुँचे और बदसलूकी शुरू कर दी।
देखते ही देखते उन्होंने अपने अन्य साथियों को बुला लिया, जिसके बाद करीब 30 लोगों की भीड़ ने डॉक्टर को चारों तरफ से घेर लिया। इस दौरान गाली-गलौज की गई और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। करीब आधे घंटे तक भीड़ ने उन्हें घेरे रखा।
खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए डॉक्टर ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर मदद माँगी। मौके पर पहुँची पुलिस और यूनिवर्सिटी की प्रॉक्टर टीम ने उन्हें भीड़ से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया। बाद में आवश्यक जानकारी लेकर पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर भिजवाया।
सीसीटीवी से पहचान, दोनों आरोपित गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जाँच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपितों की पहचान शहबाज इजहारुल हक और नजीब हसीब के रूप में हुई। इनमें से एक एमटेक का छात्र है जबकि दूसरा बीटेक कर रहा है।
पहचान होने के बाद पुलिस ने विश्वविद्यालय की प्रॉक्टोरियल टीम की मदद से रविवार (20 अप्रैल 2026) की शाम को दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में भी जुटी हुई है और पूरे मामले की जाँच जारी है।

