हरिद्वार में सरकारी जमीन पर बनी थी मजार, धामी सरकार ने बुलडोजर चलवाया: उत्तराखंड से अब तक 600 अवैध ढांचों पर प्रशासन का एक्शन

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में प्रशासन ने बुधवार (22 अप्रैल 2026) सुबह सुमन नगर इलाके में सिंचाई विभाग की सरकारी जमीन पर बनी एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व SDM ने किया।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उस निर्देश का हिस्सा है, जिसके तहत सरकारी संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने और देवभूमि के ‘सनातन’ स्वरूप को बनाए रखने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, रोशन अली शाह बाबा के नाम से प्रसिद्ध यह ढांचा करीब 10×15 मीटर क्षेत्र में अवैध रूप से बनाया गया था। मजार के सेवादारों को एक महीने पहले ही नोटिस देकर स्वामित्व के दस्तावेज दिखाने को कहा गया था, लेकिन कोई वैध प्रमाण न मिलने पर बुलडोजर चलाने का फैसला लिया गया।

ध्वस्तीकरण के बाद वहाँ कोई भी प्राचीन अवशेष या मानव अवशेष नहीं मिले। केवल कुछ ईंटें और सिक्के बरामद हुए। मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अब तक राज्यभर में लगभग 600 अवैध ढांचों को हटाया जा चुका है।