बांग्लादेश में मंदिर के पुजारी की ‘हत्या’, पेड़ से लटका मिला 3 दिन से गायब नयन दास का शव: घर से ले जाने वालों की तलाश जारी

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में एक हिंदू पुजारी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। 35 वर्षीय नयन दास नाग पंचमी मंदिर में पुजारी थे, तीन दिनों से लापता थे। बुधवार (22 अप्रैल 2026) को उनका शव एक दूरदराज पहाड़ी इलाके में पेड़ से लटका हुआ मिला।

पुजारी नयन दास रविवार (19 अप्रैल) की रात से लापता थे। परिजनों के अनुसार, उस रात कुछ अनजान लोग उन्हें घर से बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद सोमवार (20 अप्रैल) को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

बुधवार (22 अप्रैल) दोपहर जब स्थानीय लोग तलाश कर रहे थे, तब मंदिर के पीछे पहाड़ी इलाके में उनका शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया।

नयन दास के गले में एक स्कार्फ लिपटा हुआ था, जिससे हत्या का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि आखिर वे लोग कौन थे जो पुजारी को रात में बुलाकर ले गए थे।