मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में ईसाई धर्मांतरण का मामला सामने आया है। भीकनगाँव थाना क्षेत्र के बमनाला गाँव में सेल्दा रोड पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग जनजातीय समुदाय के लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए एकत्रित कर रहे थे।
इसकी सूचना स्थानीय हिंदू संगठनों ने पुलिस को दी थी। बताया गया कि एक स्थान पर बड़ी संख्या में लोगों को इकट्ठा कर धार्मिक कार्यक्रम के नाम पर धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियाँ संचालित की जा रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजू रूपसिंह बडोले, पंकज रमेश बारिया, बबलू जमरे और सेतु मेढा के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से धर्मांतरण से संबंधित किताबें, एक प्रोजेक्टर, लैपटॉप और एक रजिस्टर बरामद किया है। इस रजिस्टर में एक समिति से जुड़ी जानकारी भी दर्ज है, जिसकी जाँच की जा रही है।
एडिशनल एसपी बिट्टू सहगल ने बताया कि दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कब्जे में लेकर आरोपितों के खिलाफ धर्मांतरण से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जाँच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और यह नेटवर्क कब से सक्रिय था।

