पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) को दमदम पहुँचे। यहाँ उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय से बदलाव की जो लहर दिख रही थी, उस पर कल पहले चरण के मतदान ने मुहर लगा दी है। पीएम मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कल बीजेपी के पक्ष में जो समर्थन दिखा है, उसने बीजेपी की विजय का शंखनाद कर दिया है।
पीएम मोदी ने आगे कहा, “जिस बंगाल में टीएमसी ने लोकतंत्र के मंदिर को कुचल दिया था, अपनी तानाशाही से लोकतंत्र मंदिर को खंडित कर दिया था, उस बंगाल में पहले चरण में जनता ने लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण कर दिया है। अब दूसरे चरण में लोकतंत्र के मंदिर में आप लोगों को विजय ध्वज फहराना है।” पीएम ने कहा कि अब टीएमसी बहुत बुरी तरह बौखला गई है। कल रात टीएमसी अपने लोगों को कह रही थी मैदान में आओ।
प्रधानमंत्री ने बंगाल की जनता, बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की, “मत भूलिए ये क्रांति की धरती है, ये वीरों की धरती है। हर बुझता हुआ दीपक थोड़ा फड़फड़ाता है। वही टीएमसी का दीया बुझने से पहले थोड़ा फड़फड़ा रहा है। 4 मई को रिजल्ट आने के बाद टीएमसी के गुंडों को छुपने की जगह नहीं मिलेगी। उन्हें कोई बचाने वाला नहीं मिलेगा। पहले चरण के मतदान ने टीएमसी के अंत का उद्घोष कर दिया है।”
दमदम के अलावा पीएम मोदी पानिहाटी पहुँचे। पानिहाटी में उन्होंने आरजी कर रेप पीड़िता की माँ रत्ना देबनाथ के लिए चुनावी रैली की। बीजेपी ने उन्हें पानिहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया है। रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद साफ हो गया है कि इस बार पश्चिम बंगाल में टीएमसी की हार तय है।
पीएम मोदी ने टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “जिस माँ ने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाया और उसकी बेटी को टीएमसी के महाजंगलराज ने छीन लिया, बीजेपी ने उस माँ को अपना उम्मीदवार बनाया है।” उन्होंने कहा कि जब बंगाल की बेटियां न्याय मांगती हैं तो टीएमसी की निर्मम सरकार बेटियों को एक ही बात कहती है कि रेप से बचना है, जिंदा रहना है तो घर से बाहर ही न निकलो।
प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया, “ये नहीं चाहते बेटियाँ खुले में घूमें और खुले आसमान के सपने देखें। मैं आपको भरोसा दिलाता हूँ कि बीजेपी बेटियों के सपनों को नहीं कुचलने देगी।” रैली में एक बहन ने उन्हें राखी बाँधी तो पीएम ने कहा, “बंगाल की बहनों को उनका ये भाई भरोसा देता है कि बहनों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि होगी।
मैं बीजेपी की तरफ से बंगाल के लोगों को 10 गारंटी देता हूँ।
— ऑपइंडिया (@OpIndia_in) April 24, 2026
1- बंगाल में बहन-बेटियों पर अत्याचार करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। हर ब्लॉक में महिला थाने बनेंगे और सड़कों पर सुरक्षा के लिए विशेष दस्ते बनाए जाएँगे।
2- बंगाल पुलिस में बेटियों की बड़े पैमाने पर भर्ती की… pic.twitter.com/DkVJls9SdY
आखिर में पीएम मोदी ने बड़ी गारंटी दी, “4 मई को बीजेपी सरकार बनने के बाद उन पर हुए हर अन्याय, हर अत्याचार की फाइलें खुलेंगी और ये मोदी की गारंटी है।” बता दें कि गुरुवार (23 अप्रैल 2026) को पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर मतदान हुए थे। अब बाकी 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग होगी और 4 मई को नतीजे घोषित किए जाएँगे।

