PM मोदी को ‘झालमुड़ी’ खिलाने वाले दुकानदार को PAK-बांग्लादेश से मिलीं जान से मारने की धमकियाँ, वॉट्सऐप पर वीडियो कॉल आए

पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने हाथ की बनी ‘झालमुड़ी’ खिलाने वाले दुकानदार बिक्रम साऊ को अब अंतरराष्ट्रीय नंबरों से जान से मारने की धमकियाँ मिल रही हैं। PM मोदी के दौरे के बाद मिली लोकप्रियता अब बिक्रम और उनके परिवार के लिए खौफ की वजह बन गई है। इस घटना के बाद बिक्रम और उनका परिवार गहरे डर और चिंता से जूझ रहा है।

आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, बिक्रम साऊ का कहना है पिछले कुछ दिनों से उनके मोबाइल फोन पर पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार फोन कॉल्स और वॉट्सऐप वीडियो कॉल्स आ रहे हैं। दुकानदार ने दावा किया कि इन कॉल्स के जरिए उन्हें और उनके परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकियाँ दी जा रही हैं।

बिक्रम ने इस मामले की शिकायत दी है जिसके बाद पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है। दरअसल, बीते 19 अप्रैल को PM मोदी झाड़ग्राम में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुँचे थे और लौटते वक्त वह अचानक सड़क किनारे ‘झालमुड़ी’ बेचने वाले बिक्रम साऊ की दुकान पर रुके थे।