महाराष्ट्र में गाय बचाने की कोशिश कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ता की हत्या, सुल्तान-इरफान-इब्राहिम की गैंग ने पीटकर ली जान: 2 गिरफ्तार

महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में गो-तस्करों ने बजरंग दल के एक कार्यकर्ता गजानन सुरोशे की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामले में शेख सुल्तान अलावली, अलावली शेख, इरफान शेख, इब्राहिम शेख, आसिफ शेख, अयाज काजी, आरिफ शेख समेत कई आरोपितों के नाम सामने आए हैं।

पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लेकर फरार लोगों की तलाश शुरू कर दी है। गजानन सुरोशे महागाँव तहसील के वडद-मुडाणा गाँव के रहने वाले थे और बजरंग दल से जुड़े हुए थे। शनिवार (24 मई 2026) की देर रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि नागपुर-तुलजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग से बड़ी संख्या में गोवंश की अवैध तस्करी की जा रही है।

इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बिजोरा टोल नाके के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन तेज रफ्तार में वहाँ से गुजरता दिखाई दिया, जिस पर कार्यकर्ताओं को शक हुआ कि उसमें कई गोवंश भरे हुए हैं। गजानन सुरोशे अपनी कार से वहाँ पहुँचे और तस्करों के वाहन का पीछा शुरू कर दिया।

इसके बाद आरोपित हाईवे छोड़कर उमरखेड़ के पास सुकळी गाँव की ओर भागे, जहाँ पहले से मौजूद अन्य आरोपितों ने गजानन की कार को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद गजानन सुरोशे को जबरन वाहन से बाहर निकाला गया और उन पर पत्थरों, लोहे की रॉड, लकड़ी के डंडों से हमला किया गया।

स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुँचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई ज्ञानेश्वर सुरोशे की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 103(1) और 3(5) के तहत हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।