उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में सात साल की एक हिंदू बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले 60 साल के मोहम्मद शकील ने बच्ची को बिस्कुट देने का लालच देकर अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों के अनुसार बच्ची कक्षा एक की छात्रा है। शुक्रवार (29 मई 2026) की दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने घर के बाहर खेल रही थी।
इसी दौरान आरोपित ने उसे बिस्कुट खिलाने की बात कहकर अपने घर ले गया। बताया जा रहा है कि एक युवक ने आरोपित को बच्ची के साथ घर में जाते और दरवाजा बंद करते हुए देखा था। जब काफी देर तक बच्ची बाहर नहीं निकली तो युवक को शक हुआ।
उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह किसी तरह छत के रास्ते घर में पहुँचा और बच्ची को बाहर निकाला। घर पहुँचने पर डरी-सहमी बच्ची ने रोते हुए अपने परिवार को पूरी घटना बताई।
इसके बाद परिजन उसे लेकर सीधे ठाकुरगंज थाने पहुँचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जाँच जारी है।

