लखनऊ के मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में सीएम योगी ने बच्चों के रचनात्मक विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चा रो रहा है तो, माता-पिता उसे चुप कराने के लिए मोबाइल दे देते हैं। जबकि बच्चा अगर जिद कर रो रहा है तो उसे रोने दीजिए, दूसरा काम करने के लिए उसे प्रोत्साहित करिए।
वीडियो गेम और मोबाइल की लत से छुटकारा दिलाना जरूरी है। उसे रचनात्मक काम करने के लिए प्रेरित करिए। वीडियो गेम और दूसरे ऑनलाइन लत का परिणाम हमेशा ही नुकसानदायक होता है।
लखनऊ में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में… https://t.co/0TYX723wR8
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 1, 2026
मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग की केंद्र एवं राज्यस्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और प्रधानाचार्यों के सम्मान के लिए लखनऊ में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सीएम योगी ने कहा कि भारत की एकता को उत्तर से दक्षिण तक आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि गुरु की महिमा इतनी होती है कि भगवान राम को दिव्य अस्त्र तब मिले, जब उन्हें गुरु विश्वामित्र मिले। भगवान कृष्ण को जब गुरु संदीपन मिले तो उनकी मुरली सुदर्शन बन गई। दरअसल धर्म की स्थापना के लिए उस वक्त सुदर्शन की जरूरत को गुरु संदीपन ने महसूस किया था।
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने राज्यभर से आए विद्यार्थियों और जनता से मुलाकात की। कई लोगों ने अपनी समस्या से जुड़ा पत्र उन्हें सौंपा। इस पर उन्होंने कार्रवाई का भरोसा दिया।

