भारत-इजरायल दोस्ती की नई मिसाल, यहूदी देश में लगेगी छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा: देवेंद्र फडणवीस की महाराष्ट्र सरकार देगी पूरा समर्थन

छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस के अवसर पर इजरायल के मुंबई स्थित कॉन्सुल जनरल यानिव रेवाच ने एक बड़ी घोषणा की है। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इजरायल में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति और सहयोग माँगा है।

भारत और इजरायल के इतिहास में दिखीं समानताएँ

यानिव रेवाच ने कहा कि भारत आने के बाद उन्होंने दोनों देशों के इतिहास में कई समानताएँ देखीं। उनके अनुसार, जिस तरह भारतीयों ने अपने स्वाभिमान और भूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया, उसी तरह यहूदी समुदाय ने भी दशकों तक अपने अस्तित्व और मातृभूमि के लिए लड़ाई लड़ी है।

उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज भारत के लिए प्रेरणा और गौरव के प्रतीक हैं। इसी कारण इजरायल ने भारत में कोई बड़ा प्रोजेक्ट शुरू करने के बजाय ऐसा कदम उठाने का फैसला किया, जो दोनों देशों के लोगों को लंबे समय तक जोड़ सके।

बड़े शहर में स्थापित होगी प्रतिमा, फडणवीस ने दिया समर्थन

रेवाच ने बताया कि योजना के तहत शिवाजी महाराज की एक विशाल प्रतिमा तैयार कर इजरायल भेजी जाएगी और उसे वहाँ के किसी प्रमुख शहर में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से भारतीय और इजरायली नागरिकों के बीच भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के दौरान उन्होंने इस योजना पर चर्चा की, जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत सहमति जताते हुए पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया। फडणवीस ने सोशल मीडिया पर भी इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए यानिव रेवाच का आभार व्यक्त किया और कहा कि महाराष्ट्र सरकार इस परियोजना को सफल बनाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी।