उत्तर प्रदेश के कानपुर के गोविंद नगर क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची द्वारा चोर-चोर के तानों से आहत हो कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बच्ची अपनी माँ के साथ किराए के मकान में रहती थी। उसे मेकअप का काफी शौक था और वह खेल-खेल में पड़ोस में रहने वाले किराएदार के घर से मेकअप का बॉक्स अपने घर ले आई थी।
अगले दिन सामान नहीं मिलने पर किराएदार ने इसकी शिकायत की। पूछने पर बच्ची ने मेकअप बॉक्स अपने पास होने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद परिवार ने सामान वापस कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिजनों का आरोप है कि सामान वापस मिलने के बावजूद पड़ोसी बच्ची को चोर कहकर ताने दे रहे थे।
शनिवार (6 जून 2026) की शाम बच्ची घर में अकेली थी। इसी दौरान उसने साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। माँ के घर लौटने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जाँच शुरू कर दी और फोरेंसिक टीम से भी साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जाँच में बच्ची को माँ द्वारा डाँटने की बात सामने आई है, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। वहीं परिजन पड़ोसियों के तानों को घटना की वजह बता रहे हैं। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

