विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में भीषण हादसा, लैडल से पिघला लोहा गिरने पर लगी आग: 9 कर्मचारियों की मौत की आशंका, कई गंभीर रुप से झुलसे

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL) यानी विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में सोमवार (8 जून 2026) की शाम एक भीषण हादसा हो गया। स्टील मेल्टिंग शॉप (SMS) के अंतर्गत कंटीन्यूअस कास्टिंग विभाग में पिघला हुआ स्टील ले जा रही एक लैडल में अचानक तकनीकी खराबी आने से बड़ी मात्रा में पिघला लोहा नीचे गिर गया।

इस दौरान आसपास काम कर रहे कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में आग लग गई और अफरा-तफरी मच गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दुर्घटना में कम से कम 9 लोगों की मौत की आशंका है, जबकि कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। यूनियन प्रतिनिधियों का कहना है कि हादसा NTC-3 Heat F से संबंधित परिचालन के दौरान हुआ, जब उठाए जा रहे पिघले हुए स्टील का बड़ा हिस्सा अचानक रिसने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी, आपदा राहत दल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँच गए और बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया गया। हालाँकि RINL प्रबंधन ने अभी तक मृतकों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने स्टील प्लांट के अधिकारियों से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली और जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुँचकर बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।