दिल्ली में पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के जिम के बाहर अँधाधुँध फायरिंग: लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, कहा- सलमान खान से रिश्ते के चलते बनाया निशाना

पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के दिल्ली स्थित पश्चिम विहार इलाके में जिम के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। गुरुवार (11 जून 2026) को गुरु रंधावा के 24 एचएस फिटनेस जिम के बाहर बाइक सवार दो बदमाशों ने अँधाधुँध गोलियाँ चलाईं।

इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट और ऑडियो क्लिप के जरिए गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग का दावा किया है। वायरल ऑडियो में गैंग के कथित सदस्य को कहते सुना जा सकता है कि गुरु रंधावा के अभिनेता सलमान खान से करीबी रिश्ते हैं इसीलिए उन्हें निशाना बनाया गया है। ऑडियो में कहा गया कि यह हमला सिर्फ ‘ट्रेलर’ है।

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर पहुँच गई और जिम के बाहर के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपितों की तलाश में जुट गई हैं। पुलिस इस बात की जाँच कर रही हैं कि क्या वाकई इस हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है या कोई और वजह है।