हरदोई सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली ने महिला नेताओं पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, पूर्व सांसद-विधायक को भी नहीं छोड़ा: वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन

उत्तर प्रदेश के हरदोई में समाजवादी पार्टी के भीतर चल रहा विवाद अब संगठनात्मक कार्रवाई तक पहुँच गया है। सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली से जुड़े एक ऑडियो और वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए जिले की पूरी कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से जारी आदेश में जिला अध्यक्ष समेत सभी जिला पदाधिकारियों और अलग-अलग विभाग की टीमों को समाप्त करने की बात कही गई है।

विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो और ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें शराफत अली अपनी ही पार्टी की पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी समेत महिला नेताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियाँ कर रहे थे।

मामले को लेकर पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी ने नाराजगी जताते हुए इसे पार्टी नेतृत्व के सामने उठाने की बात कही। उनके परिवार की ओर से भी वायरल सामग्री की जाँच और उचित कार्रवाई की माँग की गई।

पूर्व सांसद ऊषा वर्मा ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए महिलाओं और सेना में सेवा देने वाली बेटियों को लेकर टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। दूसरी ओर शराफत अली ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए वायरल ऑडियो-वीडियो को एडिटेड और भ्रामक बताया है। उनका कहना है कि उन्हें राजनीतिक रूप से नुकसान पहुँचाने और दबाव बनाने के उद्देश्य से यह सामग्री फैलायी गई है।