अयोध्या के भव्य राम मंदिर में दान पेटियों से कथित तौर पर चढ़ावा चोरी होने की अफवाहों और विवादों के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जाँच कराने का अनुरोध किया है।
IANS न्यूज एजेंसी ने मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के हवाले से बताया है कि ट्रस्ट ने एक विशेष जाँच दल (SIT) के गठन की माँग की है ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके।

ट्रस्ट का मानना है कि मंदिर की पवित्रता और भक्तों की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले में किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी समाज में गलत संदेश दे सकती है। इसलिए अफवाहों का खंडन करने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक निष्पक्ष और गहराई से जाँच होना बेहद जरूरी है।
अयोध्या से बड़ी खबर…. राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कथित दान चोरी के मामले में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। #Ayodhya #RamJanmabhoomi pic.twitter.com/5zCONwrgxs
— News18 Uttar Pradesh (@News18UP) June 13, 2026
बता दें कि अखिलेश यादव ने इस बारे में दावा किया था कि मंदिर के पैसों की चोरी हो रही है। हालाँकि ऑपइंडिया से बातचीत में सपा प्रवक्ता पवन पाण्डेय ने कहा था कि ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है, ये बातें सूत्रों के अनुसार की जा रही हैं।
इस बीच, मीडिया रिपोर्ट्स में कई बार दावा किया गया कि राम मंदिर ट्रस्ट में श्रद्धालुओं से आ रहे दान की राशि में गबन किया गया है। हालाँकि इस बारे में अभी तक न तो किसी FIR की पुष्टि हुई है और न ही शिकायत की।

