बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर शनिवार (13 जून 2026) की रात उस समय हंगामा मच गया, जब बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा केंद्रों तक पहुँचने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। इसी बात को लेकर नाराज छात्र रेलवे ट्रैक पर उतर गए और ट्रेनों को रोकने की कोशिश करने लगे।
Patna, Bihar: A protest by exam candidates at Patliputra Railway Station turned violent, with reports of train vandalism. Police used tear gas, fired warning shots, and conducted a baton charge to disperse the crowd. The situation remains tense pic.twitter.com/ElBCYed38D
— IANS (@ians_india) June 14, 2026
देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों ने नारेबाजी की और एक परीक्षा स्पेशल ट्रेन पर पथराव कर दिया। स्टेशन पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला नहीं सुलझा।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पटना के IG जितेंद्र राणा को भी इन सबके बीच चोटे आई हैं।।
स्थिति को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आँसू गैस के गोले छोड़े और चेतावनी के तौर पर हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को रेलवे ट्रैक और स्टेशन परिसर से हटाया गया।
पटना के जिलाधिकारी ने बताया कि छात्रों की माँग पर विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई थी, लेकिन भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने माहौल खराब कर दिया। रविवार सुबह स्टेशन पर टूटे हुए सामान, बिखरे पत्थर और क्षतिग्रस्त ट्रेन के डिब्बे दिखाई दिए। फिलहाल स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात है और मामले की जाँच की जा रही है।

