लंदन में भारतीय मूल के युवक की चाकू मारकर हत्या: हिरासत में सात लोग, पुलिस जाँच में जुटी

लंदन के साउथॉल इलाके में भारतीय मूल के 26 साल के युवक गुरभेज सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है और लोगों से गवाह तथा CCTV फुटेज उपलब्ध कराने की अपील की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरभेज सिंह पर नॉर्थ रोड और डॉर्मर्स वेल्स लेन के जंक्शन के पास देर रात करीब 12:30 बजे हमला किया गया। बताया जा रहा है कि दुकान के बाहर उन पर चाकू से हमला किया गया। हमले में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ था, जिसे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुँची, लेकिन गुरभेज सिंह को बचाया नहीं जा सका और उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया। मामले की जाँच कर रही डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर एलिसन फॉक्सवेल ने कहा कि पुलिस हर पहलू की जाँच कर रही है और पीड़ित परिवार के साथ उनकी संवेदनाएँ हैं।

पुलिस ने हत्या के शक में सात लोगों को गिरफ्तार किया था। हालाँकि जाँच के बाद छह लोगों को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया, जबकि एक व्यक्ति को जमानत पर रिहा किया गया है। पुलिस लगातार इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही है और घटना के चश्मदीदों से आगे आने की अपील कर रही है ताकि हत्या की असली वजह और आरोपितों की भूमिका का पता लगाया जा सके।