भोपाल के कॉन्वेंट स्कूल में ईद के दिन परिसर में काटी गई भैंस, वायरल वीडियो में ‘कुर्बानी’ के अवशेष उठाते दिखे छात्र: हिंदू संगठनों ने की कार्रवाई की माँग

मध्य प्रदेश के भोपाल के शाहजहानाबाद क्षेत्र स्थित शालीमार कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में ईद के दिन स्कूल परिसर में भैंस काटे जाने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की माँग की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहजहानाबाद इलाके में मस्जिद के पास स्थित स्कूल परिसर में ईद के दिन कुछ लोगों द्वारा भैंस का पाड़ा काटे जाने का वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर सवाल उठने लगे। लोगों का कहना है कि स्कूल में हर समुदायों के बच्चे पढ़ते हैं और ऐसे में परिसर के उपयोग को लेकर नियमों का पालन होना चाहिए।

कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया कि घटना के दौरान कुछ छात्रों ने पूरा घटनाक्रम देखा, जिसके बाद बच्चों से परिसर में मौजूद खून, जानवर के अवशेष और अन्य सामग्री साफ करवाई गई। मामले को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने पुलिस से संपर्क कर कार्रवाई की माँग की।

इसके अलावा कल्याणकारी संस्था सेवा न्याय ने भी इस मामले को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के समक्ष उठाया है। संस्था ने इसे बच्चों के अधिकारों, सम्मान और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए जाँच की माँग की है।