PM मोदी को स्लोवाकिया में भी मिला सर्वोच्च सम्मान, राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने ‘व्हाइट डबल क्रॉस’ से नवाजा: 52वें G-7 समिट में हिस्सा लेंगे प्रधानमंत्री

भारत का दबदबा अब पूरी दुनिया सिर चढ़कर बोल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यूरोपीय देश स्लोवाकिया ने अपने सबसे बड़े राष्ट्रीय सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से नवाजा है। स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने खुद PM मोदी को यह सम्मान दिया।

इसके साथ ही PM मोदी को दुनिया भर से मिलने वाले इंटरनेशनल अवॉर्ड्स की संख्या अब 33 पहुँच चुकी है, जो भारत की बढ़ती ताकत का करारा जवाब है। PM मोदी अपनी एक सप्ताह की यूरोप यात्रा पर हैं। वह ब्रातिस्लावा पहुँचे हैं। PM मोदी मंगलवार 52वें G-7 समिट में हिस्सा लेंगे।

यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली स्लोवाकिया यात्रा है। पहली ही यात्रा में स्लोवाकिया ने भारत के सामने अपनी आँखें बिछा दीं। वहाँ के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने PM मोदी को गले लगाया। उन्होंने भारत के साथ दोस्ती को एक नए मुकाम पर पहुँचा दिया है।

क्या है ये सम्मान?

‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस’ स्लोवाकिया का सबसे बड़ा राजकीय सम्मान है। यह सम्मान हर किसी को नहीं मिलता। यह सिर्फ उन विदेशी दिग्गजों को दिया जाता है जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्लोवाकिया की प्रतिष्ठा बढ़ाई हो। दोनों देशों के बीच दोस्ती को फौलादी बनाया हो। PM मोदी ने यह साबित कर दिया है कि वैश्विक मंच पर उनके कद का कोई मुकाबला नहीं है।

यह कोई आम उपलब्धि नहीं है। स्लोवाकिया का यह अवॉर्ड PM मोदी को मिला 33वाँ अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। पिछले कुछ सालों में दुनिया के कोने-कोने से भारत को ये सम्मान मिले हैं। यह इस बात का सबूत है कि दुनिया अब भारत को महाशक्ति मान चुकी है। विरोधी चाहे जो कहें, वैश्विक मंच पर भारत की दहाड़ को अब दबाया नहीं जा सकता।

140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया सम्मान

सम्मान मिलने के बाद PM मोदी ने सोशल मीडिया पर विरोधियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ब्रातिस्लावा में यह सम्मान पाकर वह गौरवान्वित हैं। उन्होंने साफ किया कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि भारत के 140 करोड़ लोगों का है। उन्होंने इस अवॉर्ड को भारत और स्लोवाकिया की अटूट और स्थायी दोस्ती को समर्पित कर दिया है।

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने भी PM मोदी की तारीफ में कसीदे पढ़े। उन्होंने ट्वीट कर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस साल फरवरी में नई दिल्ली यात्रा के दौरान जो बातचीत शुरू हुई थी, उसे PM मोदी के साथ मिलकर वो आगे बढ़ा रहे हैं। साफ है कि भारत के साथ आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए अब यूरोपीय देश भी कतार में खड़े हैं।