पश्चिम बंगाल में तृणमूल कॉन्ग्रेस प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव परिणाम को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दे दी है। मंगलवार (16 जून 2026) को वह अचानक हाई कोर्ट पहुँचीं और चुनावी याचिका से जुड़े दस्तावेजों और हलफनामे की प्रक्रिया पूरी की।
इस दौरान उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद भी मौजूद रहे। भवानीपुर विधानसभा सीट इस बार राज्य की सबसे चर्चित सीटों में रही, क्योंकि यहाँ मुकाबला सीधे ममता बनर्जी और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के बीच था। चुनाव परिणाम में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,104 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
शुभेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता के खाते में 58,812 वोट आए। वहीं सीपीएम उम्मीदवार श्रीजीब विश्वास तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें 3,556 वोट प्राप्त हुए।
हाई कोर्ट में चुनावी याचिका, 2021 जैसा कदम दोहराया
ममता बनर्जी ने चुनाव परिणाम को लेकर न्यायिक हस्तक्षेप की माँग की है। कलकत्ता हाई कोर्ट में दायर याचिका में भवानीपुर सीट के परिणाम की समीक्षा की माँग की गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में हलफनामा दाखिल किया है और मतगणना प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया है।
हालाँकि याचिका में किन विशिष्ट आधारों पर नतीजे को चुनौती दी गई है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं हुई है। यह पहली बार नहीं है जब ममता ने चुनावी हार के बाद कोर्ट का रुख किया हो। 2021 में नंदीग्राम विधानसभा सीट पर शुभेंदु अधिकारी से हारने के बाद भी उन्होंने चुनाव परिणाम को चुनौती दी थी। वह मामला अब तक कोर्ट में लंबित है।

