शिवसेना UBT की बैठक में 9 में से पहुँचे केवल 3 सांसद, बाकी 6 गायब: व्हिप का उल्लंघन करने पर बागियों को मिला कारण बताओ नोटिस

शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली में हुई संसदीय दल की अहम बैठक में व्हिप जारी होने के बाद भी 9 में से सिर्फ 3 सांसद ही मीटिंग में पहुँचे। बाकी 6 सांसद बैठक से गायब रहे। इससे पार्टी में बड़ी बगावत साफ हो गई है। गायब सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने की चर्चा तेज है।

जानकारी के अनुसार, बैठक में केवल अनिल देसाई, अरविंद सावंत और राजाभाऊ वाजे ही शामिल हुए। संजय दिना पाटिल, संजय देशमुख, नागेश पाटिल, ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे और संजय जाधव बैठक में नहीं आए।

इन बागी सांसदों का कहना है कि उन्हें अब पार्टी नेतृत्व पर भरोसा नहीं है। वे उद्धव ठाकरे द्वारा पार्टी को कॉन्ग्रेस में विलय करने की कोशिशों से नाराज हैं। इस बीच सांसद अनिल देसाई ने कहा है कि व्हिप का उल्लंघन करने वाले सांसदों को कारण बताओ नोटिस भेजा जाएगा।

उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। दूसरी तरफ, शिंदे गुट के प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि UBT के व्हिप का अब कोई महत्व नहीं है। इस बगावत से नाराज कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा है।

धाराशिव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि उद्धव ठाकरे को धोखा देने वालों के चेहरे पर गोबर पोता जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष से मिलकर 6 सांसदों के समर्थन का दावा भी किया है।