इजरायल ने लेबनान में रातभर बरसाए बम, 18 की मौत: हिज्बुल्लाह के 80 ठिकानों पर स्ट्राइक, IDF के 4 सैनिकों की भी मौत

इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में बड़ा हमला किया है, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत की खबर है। इस हमले के बाद क्षेत्र में तनाव फिर बढ़ गया है। शुक्रवार (19 जून 2026) को इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के करीब 80 ठिकानों पर रातभर हवाई और सैन्य कार्रवाई की।

दूसरी ओर हिज्बुल्लाह ने इलाके में भारी संघर्ष होने का दावा किया। लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, हमलों में कई लोग मारे गए और कई घायल हुए हैं। वहीं, इजरायल ने भी लड़ाई के दौरान अपने चार सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है, जिनमें एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल है।

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए एक अंतरिम समझौता हुआ था। समझौते में सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई रोकने और लेबनान की संप्रभुता बनाए रखने की बात कही गई थी। हालाँकि इजरायल और हिज्बुल्लाह इस समझौते का हिस्सा नहीं हैं।

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि जब तक हिज्बुल्लाह से खतरा खत्म नहीं हो जाता, सेना लेबनान से पीछे नहीं हटेगी। वहीं लेबनान में जारी संघर्ष के बीच स्विट्जरलैंड में प्रस्तावित अमेरिका-ईरान वार्ता भी टाल दी गई है, जिससे क्षेत्र में शांति प्रयासों को झटका लग सकता है।