कतर की LNG फैक्ट्री में धमाके के बाद लगी भीषण आग: 12 भारतीयों की मौत, 66 घायल; विदेश मंत्री बोले- हर पीड़ित परिवार तक पहुँचेगी मदद

कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी के एक फैक्ट्री में रविवार रात (21जून 2026) हुए धमाके में 12 भारतीय नागरिकों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 66 लोग घायल हुए हैं। राजधानी दोहा में भारतीय दूतावास ने इसकी जानकारी दी है और भारतीयों की मौत पर दुख जताया है।

फैक्ट्री में गैस सप्लाई दोबारा शुरू करने की कोश‍िश की जा रही थी। इसी दौरान तकनीकी खराबी आ गई और जोरदार विस्फोट के बाद आग की लपटें उठने लगीं। पहले लोगों को शक हुआ कि ईरान ने हमला किया है, लेकिन शुरुआती जाँच में सामने आ गया कि विस्फोट तकनीकी खराबी की वजह से हुई थी।

कतर के अधिकारियों के हवाले बताया गया है कि सभी घायलों की हालत स्थिर है और उनका समुचित इलाज चल रहा है। दूतावास लगातार उनकी खबर ले रहा है और उनके परिवारों को हर संभव मदद देने की कोशिश कर रहा है। दूतावास मृतकों के शवों को भारत भेजने की व्यवस्था भी कर रहा है।

घटना पर दुख जताते हुए विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा, “कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए धमाके में भारतीय नागरिकों समेत कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर से बहुत दुख हुआ है।”

उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे और जानकारी मिल रही है, हमारा दूतावास कतर के अधिकारियों के संपर्क में है और इस हादसे से प्रभावित भारतीय नागरिकों के परिवारों की मदद करने की कोशिश कर रहा है। हमारी संवेदनाएँ और प्रार्थना पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है। कतर में करीब 8 लाख भारतीय रहते हैं।