भरत तिवारी एनकाउंटर केस में सम्राट सरकार की बड़ी कार्रवाई, जगदीशपुर के SDPO राजेश शर्मा को हटाया: गाँव मे होगी महापंचायत

बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी गाँव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। आरोपित SDPO राजेश कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से पुलिस मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह पंकज कुमार मिश्रा को SDPO नियुक्त किया गया है।

पंकज मिश्रा वर्तमान में मद्यनिषेध सह राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में कार्यरत हैं। ये आदेश पुलिस महानिदेशक विनय कुमार के कार्यालय से जारी किया गया है। भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर के 7वें दिन ये कार्रवाई की गई है। भरत की माँ के आवेदन पर SDPO, SHO और अन्य पुलिसकर्मियों पर FIR की गई थी।

इस मामले में महापंचायत का भी आयोजन किया जा रहा है। इसको लेकर गाँववालों की बैठक हुई है। बैठक में मामले की निष्पक्ष जाँच कराने की माँग की गई।

मामले को लेकर बिहार में लगातार बहस जारी है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। भरत तिवारी के परिवार ने चेतावनी दी है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो पूरा परिवार सामूहिक आत्मदाह करने के लिए मजबूर होगा। इस बीच मामले में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया गया है।