अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसको लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि ट्रंप की भारत यात्रा की तैयारी चल रही है और उम्मीद है कि 2027 की शुरुआत में यह दौरा हो सकता है।
मार्को रुबियो ने कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते इस समय बेहद मजबूत हैं। उन्होंने बताया कि G7 शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सकारात्मक और अहम मुलाकात हुई थी। दोनों नेताओं के बीच अच्छे संबंध हैं, जो दोनों देशों के सहयोग को और मजबूत बनाने में मदद करते हैं।
रुबियो के अनुसार, भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता भी अंतिम चरण में पहुँच चुका है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत काफी सकारात्मक रही है और जल्द ही इस समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है।
रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि वह PM मोदी के ‘फैन’ हैं। उन्होंने भारत की वैश्विक स्थिति को मजबूत करने का श्रेय भी पीएम मोदी को दिया। रुबियो ने कहा, “PM मोदी ने भारत को एक वैश्विक शक्ति बना दिया है।”
अगर डोनाल्ड ट्रंप भारत आते हैं तो दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी। रुबियो ने कहा कि भारत अमेरिका का एक महत्वपूर्ण साझेदार है और दोनों देश व्यापार, तकनीक, सुरक्षा तथा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

