‘I Am On Mission’, चाकू और मौलाना की तस्वीर…. शामली में घर वापसी करने वाले आयुष की डायरी में मिले कई राज, ‘2047’ वाले पासवर्ड ने उलझाई गुत्थी

उत्तर प्रदेश के शामली में दवा कारोबारी के बेटे आयुष मलिक के धर्मांतरण मामले में पुलिस को कई बड़े सुराग मिले हैं। सनातन धर्म में वापसी कर चुके आयुष के घर से पुलिस ने एक डायरी, चाकू, 2 मोबाइल और एक मौलाना की तस्वीर बरामद की है।

पुलिस को जाँच के दौरान आयुष के घर से जो डायरी मिली है, उसने अधिकारियों के होश उड़ा दिए हैं। डायरी के एक पन्ने पर ‘मैं मिशन पर हूँ‘ लिखा है और नीचे आयुष के दस्तखत हैं। पुलिस का कहना है कि यह सब मुख्य आरोपित मौलाना इरफान के कहने पर लिखा गया था।

डायरी के साथ ही पुलिस को उर्दू में लिखे कुछ पर्चे और एक जलसे का निमंत्रण पत्र भी मिला है। इस मामले में पुलिस को आयुष के पास से एक चाकू भी मिला है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह चाकू कहाँ से आया और इसका क्या इस्तेमाल होना था।

इसके अलावा आयुष ने एक नई Email आईडी बनाई थी। इस आईडी का पासवर्ड 2047 था, जिसे सुरक्षा एजेंसियाँ PFI के इस्लामिक मिशन से जोड़कर देख रही हैं। पुलिस आयुष के पूरे नेटवर्क और उसके संपर्क में रहे लोगों की कुंडली खंगाल रही है।

तीन आरोपित जेल में, मौलाना की तलाश में छापेमारी

इस पूरे सिंडिकेट को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने संपत्ति हड़पने और प्रेम जाल में फँसाकर धर्म बदलने के आरोप में चाँदनी कुरैशी, उसके अब्बू और भाई को पहले ही जेल भेज दिया है।

कोर्ट ने इन आरोपितों की जमानत पर सुनवाई के लिए 10 जुलाई की तारीख दी है। वहीं दूसरी तरफ, फरार मौलाना इरफान की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली समेत कई जगहों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।