सहारनपुर के जिस ‘पवित्र कुंड’ में CM योगी ने की थी पूजा-पाठ, वहाँ वजू करके मुस्लिम महिलाएँ पढ़ने लगीं नमाज: वीडियो देख हिंदू संगठन भड़के, केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गंगोह रोड स्थित गोगा म्हाड़ी परिसर का पवित्र कुंड इन दिनों फिर चर्चा में है। इसी कुंड पर दो साल पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूजा-अर्चना की थी। अब खबर है कि कुछ मुस्लिम महिलाओं ने उसी स्थान पर वजू कर नमाज अदा की। घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है।

ऐसे कृत्यों को लेकर हिंदू संगठनों और गोगा म्हाड़ी सुधार सभा ने आपत्ति जताई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार (29 जून 2026) की शाम तीन-चार महिलाएँ और कुछ बच्चे परिसर में पहुँचे। यहाँ उन्होंने पहले पवित्र कुंड में वजू किया और फिर सरोवर के किनारे नमाज अदा की। इसकी सूचना मिलते ही केयरटेकर मोहित वशिष्ठ और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुँचे।

उन्होंने महिलाओं को समझाया कि यह सनातन आस्था से जुड़ा ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है और यहाँ ऐसी गतिविधियाँ नहीं की जा सकतीं।

गोगा म्हाड़ी सुधार सभा के अध्यक्ष अनिल प्रताप सैनी का कहना है कि यह करीब 1200 साल पुराना धार्मिक स्थल है। उनका आरोप है कि नगर निगम द्वारा परिसर में फन प्वाइंट बनाए जाने के बाद बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ी, जिससे ऐसे विवाद सामने आ रहे हैं।

नगर निगम के मेयर डॉ अजय सिंह ने पूरे मामले की जाँच कराने की बात कही है। वहीं पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जाँच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।