‘राम भक्तों की श्रद्धा को आघात पहुँचा’: राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर RSS का पहला बयान, कहा- दोषियों को मिले कठोर दंड

अयोध्या के राम मंदिर में दानपात्र से चढ़ावे की चोरी के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पहली बार आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस घटना को ‘घोर निंदनीय’ बताते हुए कहा कि जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँ, उन्हें कठोर दंड मिलना चाहिए।

इसके साथ ही मंदिर प्रबंधन और शासन से व्यवस्था की कमियों को दूर कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की माँग की गई है।

राम भक्तों की आस्था को पहुँचा आघात

संघ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर करोड़ों राम भक्तों की आस्था, श्रद्धा और लंबे संघर्ष का प्रतीक है। ऐसे पवित्र स्थल पर दानपात्र में जमा राशि की चोरी की घटना पूरे समाज के लिए पीड़ादायक है।

इस संबंध में दत्तात्रेय होसबाले ने कहा, “अयोध्या में श्री रामलला मंदिर में रखे हुए दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से समूचे समाज और राम भक्तों की भावना एवं श्रद्धा को आघात पहुँचा है तथा इस घटना से हम सभी आहत हैं।”

संघ ने बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जाँच के लिए विशेष जाँच दल (SIT) का गठन किया है और उसकी अनुशंसा के आधार पर कानूनी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। संघ का कहना है कि जाँच निष्पक्ष हो और इसमें जो भी दोषी सामने आए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा, “जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँगे उन्हें कठोर दंड हो यह सुनिश्चित करना आवश्यक है।” इसके साथ ही उन्होंने मंदिर की वित्तीय व्यवस्था और संचालन को अधिक पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया।

भ्रम खत्म करने और संयम बनाए रखने की अपील

संघ ने कहा कि इस घटना को सामान्य चोरी की तरह नहीं देखा जाना चाहिए बल्कि इससे जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम करते हुए व्यवस्था की कमियों को दूर किया जाना चाहिए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास मजबूत बना रहे।

बयान में कहा गया कि वर्तमान में बने भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी चाहिए और मंदिर प्रबंधन और SIT आवश्यक कदम उठाएँ। साथ ही संघ ने समाज से भी अपील की कि इस संवेदनशील समय में धैर्य और संयम बनाए रखें।

दत्तात्रेय होसबाले ने कहा, “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संपूर्ण हिन्दू समाज से भी आह्वान करता है कि इस कठिन क्षण में वह आवश्यक धैर्य और संयम का परिचय दें तथा इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिंदू विरोधी, राष्ट्र विरोधी शक्तियों के हिंदू धर्म एवं समाज को बदनाम करने के षड्यंत्रों को विफल करे।”