बलूचिस्तान में BLA ने उड़ाए पाकिस्तानी कोस्ट गार्ड के 30 जवान, आत्मघाती हमलावर ने कैंप में घुसाया विस्फोटकों से भरा ट्रक: भीषण हमले का Video आया सामने

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर बड़ा हमला हुआ है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसने ग्वादर जिले के जिवानी इलाके में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स के कैंप पर फिदायीन हमला किया।

BLA के मुताबिक, इस हमले में 30 से ज्यादा पाकिस्तानी फौजी मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं। हालाँकि, पाकिस्तान की ओर से इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

BLA के बयान के अनुसार, शुक्रवार(3 जुलाई 2026) की शाम को उसकी खास ‘मजीद ब्रिगेड’ ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। संगठन का कहना है कि अताउल्लाह बलूच उर्फ अजमल नाम के आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे ट्रक को जिवानी के पनवान स्थित पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स के कैंप में घुसा दिया। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे कैंप का बड़ा हिस्सा मलबे में बदल गया।

BLA का दावा है कि धमाके के तुरंत बाद उसके ‘फतेह स्क्वाड’ के लड़ाकों ने चारों तरफ से कैंप पर हमला किया और बचे हुए फौजियों के साथ मुठभेड़ की। संगठन के अनुसार, इस पूरे ऑपरेशन में 30 से अधिक जवान मारे गए, जबकि कई घायल हुए। उसने यह भी कहा कि मलबे में दबे लोगों के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

हमले के बाद BLA के मीडिया विंग हक्काल ने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें विस्फोटकों से भरा ट्रक कैंप में घुसता और फिर जोरदार विस्फोट होता दिखाई देता है। गौरतलब है कि पाकिस्तान का ग्वादर जिला रणनीतिक रूप से बहुत अहम माना जाता है क्योंकि यहाँ चीन के सहयोग से बड़ा बंदरगाह प्रोजेक्ट चल रहा है।