आगरा में पति की हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाने का मामला हर दिन नए सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस को अब सबसे बड़ा शक इस बात पर है कि क्या रूबी ने यह सब अकेले किया। बाथरूम का फर्श तोड़ना, गड्ढा खोदना और फिर उसे पहले जैसा बनाना आसान नहीं माना जा रहा। इसी वजह से पुलिस अब हर एंगल से जाँच कर रही है।
अकेले कैसे तोड़ा पक्का फर्श?
हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, घर का बाथरूम करीब 10 फीट लंबा और 4.5 फीट चौड़ा है। इतने बड़े बाथरूम का पक्का फर्श कोई महिला अकेले कैसे तोड़ सकती है? फर्श तोड़ने के बाद करीब आधा फीट गहरा गड्ढा भी खोदा गया। शव को घसीटकर वहाँ तक लाना और दफनाना किसी एक इंसान के बस का नहीं लगता। पुलिस को शक है कि इस काम में किसी बाहरी मददगार का हाथ जरूर है।
रूबी ने पुलिस के आगे उगला कि उसने पति को खीर में 16 नींद की गोलियाँ मिलाकर दी थीं। इससे उसकी मौत हो गई। अब पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि क्या सिर्फ नींद की गोलियों से किसी की जान जा सकती है? कहीं ऐसा तो नहीं कि गोलियाँ देने के बाद पति का गला भी दबाया गया हो? मौत की असली वजह जानने के लिए कंकाल की जाँच की जा रही है।
क्या मर्डर के पीछे है अवैध संबंध का चक्कर?
पुलिस इस मामले में अवैध संबंधों के एंगल से भी जाँच कर रही है। आमतौर पर जब कोई पत्नी इस तरह की खौफनाक वारदात को अंजाम देती है, तो उसके पीछे कोई न कोई गहरा राज होता है। रूबी ने घर से सास और बच्चों को पहले ही हटा दिया था। इसके बाद उसने मिस्त्री बुलाकर फर्श पर प्लास्टर भी करवा दिया। इतनी सोची-समझी साजिश के पीछे पुलिस किसी तीसरे शख्स की भूमिका तलाश रही है।

