राजस्थान के श्रीगंगानगर में साजिद अली मंगारिया नाम के युवक पर हिंदू युवती से रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपित ने अपनी पहचान छिपाकर इंस्टाग्राम पर उससे दोस्ती की।
पीड़िता का कहना है कि आरोपित ने शादी का झूठा वादा कर उसे प्रेम संबंध में फंसाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब मामला सामने आने लगा तो आरोपित राजस्थान छोड़कर गुजरात के कच्छ जिले में जाकर छिप गया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर श्रीगंगानगर महिला पुलिस थाने में आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की। जाँच के दौरान पुलिस ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया और गुजरात पुलिस से भी संपर्क किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बॉर्डर रेंज भुज के IGP चिराग कोरडिया और पूर्वी कच्छ के SP सागर बागमार के निर्देश पर अंजार पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। अंजार के PI एच.ए. जडेजा और उनकी टीम ने स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी।
लगातार निगरानी और जाँच के बाद पुलिस ने कच्छ के अंजार तालुका के वेद गाँव से आरोपित साजिद अली मंगारिया को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुजरात पुलिस ने आरोपित को राजस्थान से पहुँची पुलिस टीम के हवाले कर दिया। अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई राजस्थान पुलिस करेगी।

