बलिया में सरकारी शिक्षक मुस्तफा ने 14 साल के किशोर छात्र को दबोचा, कुकर्म की कोशिश भी की: पुलिस ने किया गिरफ्तार, फर्नीचर के काम के बहाने बुलाया था घर

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के टीचर 50 वर्षीय गुलाम मुस्तफा उर्फ पप्पू को 14 वर्षीय किशोर के साथ कुकर्म की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ POCSO अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, घटना सिकंदरपुर थाना क्षेत्र की है। आरोप है कि शिक्षक ने रविवार (5 जुलाई 2026) को एक 14 वर्षीय किशोर को फर्नीचर से संबंधित काम कराने के बहाने अपने घर बुलाया। किशोर के पहुँचने पर आरोपित ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और उसके साथ कुकर्म करने का प्रयास किया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जाँच शुरू की। सिकंदरपुर थाना प्रभारी मूल चंद्र चौरसिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं और बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई।