बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास सावर में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के विरोध में बनी छात्रों की नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) की रैली के दौरान सोमवार (8 जुलाई 2026) को धमाका हुआ। इस घटना में कम-से-कम 3 लोगों के घायल होने की खबर है। धमाका उस समय हुआ जब सावर थाना स्टैंड ईदगाह मैदान में पार्टी की पोस्ट-मार्च रैली चल रही थी।
NCP ने बयान में कहा कि आतंकवादियों ने सावर में पार्टी की रैली स्थल पर बम धमाका किया। पार्टी के अनुसार, धमाका रात करीब 9:45 बजे हुआ, जब रैली जारी थी। फिलहाल घायलों की हालत और धमाके के पीछे कौन लोग थे, इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इस ब्लास्ट का एक वीडियो भी सामने आया है।
#WATCH | Dhaka, Bangladesh: A reported bomb explosion occurred in Savar, near Dhaka, during a rally organised by the newly formed National Citizen Party (NCP), injuring at least three people.
— ANI (@ANI) July 6, 2026
The march marks the second anniversary of the student protests against former… pic.twitter.com/XbrsqDErE9
यह घटना NCP के ‘जुलाई मार्च’ के पहले दिन हुई। यह मार्च देशभर में चलाए जाने वाले अभियान का हिस्सा है जिसे नई बनी राजनीतिक पार्टी ने जुलाई महीने में पूरे बांग्लादेश में आयोजित करने की घोषणा की थी। इस मार्च का उद्देश्य देश में जनमत संग्रह लागू करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, बिजली संकट का समाधान करने, महँगाई और जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण करने व सीमा सुरक्षा को मजबूत करने जैसी माँगों को उठाना है।
रैली का नेतृत्व उन छात्रों द्वारा किया जा रहा था जिन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन में हिस्सा लिया था। इसी आंदोलन के बाद बांग्लादेश की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिले थे। शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को भारत चली गई थीं।
NCP का जुलाई मार्च शेख हसीना विरोधी छात्र आंदोलन की दूसरी बरसी के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। पार्टी इस मार्च के जरिए अपनी राजनीतिक मौजूदगी को देशभर में मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की कोशिश कर रही है। सावर में हुए धमाके के बाद रैली की सुरक्षा और बांग्लादेश के मौजूदा राजनीतिक माहौल को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

