उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में यूपी एसटीएफ ने सोमवार (6 जुलाई 2026) सुबह एक बड़ी कार्रवाई में 1 लाख रुपए के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की को मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गाँव के पास हुई, जिसमें एसटीएफ का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया। घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसका उपचार जारी है।
अंबेडकरनगर: STF के एनकाउंटर में ढेर हुआ 1 लाख का इनामी बदमाश असीम अली उर्फ विक्की
— UP POLICE NEWS (@UPPOLICE_NEWS5) July 7, 2026
STF ने अंबेडकरनगर में मुठभेड़ के दौरान 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश असीम अली उर्फ विक्की को मार गिराया।
जगदीशपुर गांव के पास हुई इस मुठभेड़ में असीम अली मारा गया। वह कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र… pic.twitter.com/SDCwj5jQPO
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अनुसार, आसिफ उर्फ विक्की कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के मकनपुर का निवासी था और लंबे समय से STF की रडार पर था। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने यहाँ उसे मृत घोषित कर दिया।
एसटीएफ को आसिफ के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, वह अपने गैंग के साथ घरों में घुसकर लोगों को बंधक बनाकर डकैती करता था और विरोध करने पर हत्या करने से भी नहीं हिचकता था। पुलिस को उसकी तलाश 8-10 साल से थी
आसिफ पर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में डकैती, हत्या और लूट जैसे गंभीर अपराधों के 21 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। वह कई बड़े मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था।
साल 2013 में सुल्तानपुर में हत्या के बाद डकैती, 2014 में जौनपुर के शाहगंज में एक परिवार को बंधक बनाकर डकैती और दो लोगों की हत्या, 2015 में कौशांबी में डकैती के दौरान दंपती की हत्या और मुजफ्फरनगर में कई घरों में डकैती की घटनाओं में उसका नाम सामने आया था। इसके अलावा 2021 में कानपुर देहात के रसूलाबाद इलाके में हुए तासीम हत्याकांड में भी वह आरोपित था।

