क्या करती हैं ‘भाभी चुम्मेवाली’, क्यों उनके घर में घुसकर निहंगों ने दी धमकी: पंजाब पुलिस की FIR में क्या?

पंजाब के लुधियाना की भाभी चुम्मे वाली उर्फ रंजीत कौर और उनके पति जिंदा हंस के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। दंपति के खिलाफ सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर अश्लीलता फैलाने के आरोप हैं। कुछ समय पहले निंहग संगठनों ने भी लुधियाना पुलिस कमिश्नर को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा था।

अब पाखंड बचाओ पंजाब बचाओ संगठन के प्रमुख मनप्रीत सिंह खालसा ने रंजीत कौर के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। जवाब में दंपति ने वीडियो जारी कर कहा कि वह समय आने पर सबूत पेश करेंगे और बताया कि उन्होंने भी मनप्रीत सिंह खालसा के खिलाफ लुधियाना पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है, जिसमें आरोप लगाया कि खालसा ने उन्हें घर में घुसकर धमकियाँ दीं।

इस पूरे विवाद को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि आखिर रंजीक कौर कौन हैं और वह किस तरीके की वीडियो बनाती हैं?

कौन हैं रंजीत कौर उर्फ भाभी चुम्मेवाली?

रंजीत कौर को भाभी चुम्मेवाली नाम से जाना जाता है। उनके वीडियो लॉकडाउन के समय टिकटॉक पर वायरल होने शुरू हुए थे। तब वे अपनी ‘bhabhiranjeetkaur’ नाम से इंस्टाग्राम आईडी पर भी वीडियो बनाती थी, जिसमें अब 2800 से ज्यादा फॉलोवर्स हैं। वह चुम्मा और आँख मारने का इशारा करते हुए वीडियो बनाती हैं। कुल मिलाकर उनका कंटेन्ट अपने फॉलोवर्स को ‘चुम्मा’ देने का रहता है। अपने वीडियो में वह अक्सर कहती दिखती हैं, “भाभी रंजीत कौर का चुम्मा ले लो, पता नहीं वीरवार है या जुम्मा।”

लेकिन अब वह अपने पति के साथ “jindahans21_” नाम से इंस्टाग्राम आईडी पर वीडियो बनाती हैं। इसमें वह शॉर्ट कॉमेडी और डांस करती हैं। कभी-कभी उनकी बेटी भी वीडियो में दिखाई देती है।

इन वीडियो के वायरल होने के बाद रंजीत कौर को दिलजीत दोसांझ की फिल्म जट एंड जूलियट-3 में एक छोटा सा रोल भी मिला था। रंजीत कौर ने कहा कि वह ऐसी वीडियो अपने फॉलोवर्स के लिए बनाती हैं।

रंजीत कौर के खिलाफ FIR में क्या?

FIR में आरोप लगाया कि वीडियो में जिस तरह का पहनावा औऱ भाषा प्रयोग किया जाता है, उसका समाज पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ रहा है। मनप्रीत सिंह ने अपनी शिकायत में एक वीडियो का हवाला देते हुए कहा गया है कि रंजीत कौर द्वारा अपनी जीभ पर चटनी रखकर अपने पति को चाटने के लिए कहना बेहद गैर-सामाजिक और मर्यादा के खिलाफ है।

शिकायत में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का भी आरोप लगाया गया। शिकायत में कहा गया कि उन्होंने अपने घर में शिवलिंग स्थापित किया हुआ है और वे इसकी मर्यादा भंग करते हुए डमरू लगाकर ‘बंदर-बांदरी का नाच’ करते हैं।

इसके अलावा निहंगों के खिलाफ भी बेहद आपत्तिजनक और गलत टिप्पणियाँ करने को लेकर उनके खिलाफ IT एक्ट के तहत पंजाब पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।