‘अगर डकैत चुनाव जीते तो अपहरण और जबरन कब्जा करेंगे’: CM योगी का विपक्ष पर करारा वार, बाँदा से दी ₹710 करोड़ की सौगात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (9 जुलाई 2026) को बाँदा में एक कार्यक्रम के दौरान ₹710 करोड़ से अधिक लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। बुंदेलखंड को बेहतरीन कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात देते हुए उन्होंने विपक्ष पर कड़े प्रहार किए। सीएम योगी ने इस दौरान कहा कि 2017 से पहले के बाँदा और आज के बाँदा में जमीन-आसमान का फर्क दिखाई देता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी सरकार उपद्रव, गुंडागर्दी और कर्फ्यू को बिल्कुल भी पसंद नहीं करती है। उन्होंने कहा, “यह सरकार बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को साफ चेतावनी देती है। अगर वे सीधे शब्दों में नहीं मानते हैं, तो हमारी पुलिस और सरकार उनके लिए सीधे यमराज के घर जाने का रास्ता भी खोल देती है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने हिंदू संस्कृति और सनातन परंपरा को अपमानित करना ही अपना एजेंडा बना लिया है। उन्हें अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और मां विंध्यवासिनी धाम जैसे धार्मिक स्थलों का विकास अच्छा नहीं लगता।

उन्होंने कहा कि आज बीजेपी सरकार जनता के धन का उपयोग मंदिरों के संरक्षण, विकास और सौंदर्यीकरण में कर रही है, जबकि समाजवादी पार्टी की सरकार में यही पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवॉल बनाने पर खर्च किया जाता था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा के लोगों को कब्रिस्तान से लगाव है, इसलिए वे सनातन आस्था से जुड़े कार्यों का विरोध करते हैं।

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 के पहले UP में जिसको प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई वो लोग पूरे प्रदेश को लूटने में लगे थे। इस दौरान गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ तकन हीं मिलता था। सीएम ने कहा कि एक समय था जब पलायन और प्यास ही बुंदेलखंड की मुख्य पहचान बन चुकी थी।

CM योगी ने कहा कि पहले बुंदेलखंड में कहीं खनन माफिया, कहीं सैंड माफिया, लैंड माफिया, तो कहीं डकैतों का आतंक था। उन्होंने आगे कहा कि अगर ऐसे भू-माफिया और डकैत चुनाव जीतकर जाएँगे तो वे व्यापारियों का अपहरण करेंगे, लोगों की जमीनों पर जबरन कब्जा करेंगे और गरीबों को उजाड़ देंगे। इस दौरान CM योगी ने जनसभा स्थल पर 2 महिलाओं को आंगनबाड़ी सहायिका पद के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान दिए। साथ ही, उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबी, प्रमाण पत्र भी सौंपे।